- सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम में आयोजित हो रही ऑल इंडिया आरपीएफ बास्केटबॉल प्रतियोगिता
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। रेलवे सुरक्षा बल, पूर्वोत्तर रेलवे के नेतृत्व में सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम में आयोजित 32वीं अखिल भारतीय रेलवे सुरक्षा बल बास्केटबॉल प्रतियोगिता-2025 में तीसरे दिन शुक्रवार को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। शाम को खेले गए सेमीफाइनल में पूर्वोत्तर रेलवे ने दक्षिण रेलवे को कड़े संघर्ष के बाद 75-64 अंकों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। शनिवार को पूर्वोत्तर रेलवे और उत्तर रेलवे के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
फाइनल में एनईआर के भीम सिंह, राम आसरे, सूर्यभान सिंह, दीपक, मनोज और अजय मल्ल ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। इससे सुबह के सत्र में मेजबान पूर्वोत्तर रेलवे ने पश्चिम रेलवे को 47-39 अंकों से पराजित कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। वहीं, उत्तर रेलवे ने पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे को 41-29 अंकों से हराकर फाइनल में अपनी दावेदारी मजबूत की।
दूसरा सेमीफाइनल उत्तर रेलवे और पश्चिम रेलवे के बीच खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में उत्तर रेलवे ने पश्चिम रेलवे को 55-48 अंकों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। प्रतियोगिता के दौरान रेलवे सुरक्षा बल के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और भारी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। महाप्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे उदय बोरवणकर के मुख्य आतिथ्य में प्रतियोगिता का भव्य फाइनल शनिवार को पूर्वोत्तर रेलवे और उत्तर रेलवे के बीच खेला जाएगा। इस फाइनल में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर और शानदार खेल की उम्मीद है।