राज्य सेतु निगम में अकाउंटेंट संजय कुमार से उनके ही भांजे शिवम सिंह के कहने पर उसके दोस्तों ने रंगदारी मांगी थी। कर्ज से परेशान शिवम ने अपने उसी मामा को शिकार बनाने की कोशिश, जो उसकी पढ़ाई व परवरिश का जिम्मा उठाए हुए हैं।
फोन करने वाले दोस्तों ने 20 लाख रुपये न देने पर बेटी का अपहरण कर हत्या की धमकी दी थी। चिलुआताल पुलिस ने केस दर्ज कर भांजा समेत तीन आरोपियों को सोमवार को नकहा ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान बिजनौर के चांदपुर थाना क्षेत्र के घनसोलपुर निवासी अरुण, हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के राजोपुर निवासी शिवम सिंह, यही के कपिल कुमार के रूप में हुई है। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने पुलिस लाइंस में प्रेस कांफ्रेंस कर घटना का पर्दाफाश किया। एसएसपी ने बताया कि बिजनौर निवासी संजय कुमार गोरखपुर में राज्य सेतु निगम में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत हैं।
वह चिलुआताल थाना क्षेत्र के फर्टिलाइजर चौक अंतर्गत बसंतकुंज अपार्टमेंट में परिवार के साथ रहते हैं। 22 जुलाई को उनके मोबाइल फोन पर कॉल कर 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। फोन करने वाले ने कहा था कि अगर रुपये नहीं मिले तो उनकी बेटी का अपहरण कर हत्या कर दी जाएगी।
संजय कुमार ने चिलुआताल पुलिस से संपर्क किया और उस नंबर की जानकारी दी, जिससे कॉल आई थी। चिलुआताल पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। चौकी प्रभारी अभय उपाध्याय की टीम ने मुखबिर की सूचना और काल डिटेल के आधार पर प्रयुक्त मोबाइल फोन के साथ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया।