गोरखपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को एनेक्सी में आयोजित प्रबुद्ध वर्ग संवाद में पार्टी और सरकार की कार्यप्रणाली से जुड़े कई सवालों का सामना करना पड़ा। कार्यकर्ताओं की उपेक्षा, टिकट वितरण का आधार और जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही से लेकर सूक्ष्म उद्योगों को बैंक से कर्ज नहीं मिलने तक के मुद्दे उठे। प्रबुद्धजनों ने आयुष्मान कार्ड में परिवार के सदस्यों की संख्या की बाध्यता खत्म करने, अस्पतालों में डॉक्टरों की सुरक्षा और एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग भी की। नितिन नवीन ने सवालों के जवाब में पार्टी की प्राथमिकताएं और सरकार के प्रयास गिनाए।
डॉ. अमित सिंह ने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का मुद्दा उठाते हुए उनकी समस्याओं पर ध्यान देने की बात कही। इस पर नितिन नवीन ने स्पष्ट कहा कि कार्यकर्ताओं की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैं और उनकी समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा। वहीं, डॉ. जितेंद्र मिश्र ने चुनाव में टिकट वितरण का आधार और जनप्रतिनिधियों के कामकाज की निगरानी का तरीका पूछा। जवाब में नितिन नवीन ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के कामकाज पर पार्टी की नजर रहती है। इसके लिए पार्टी का वॉच टॉवर काफी मजबूत है।
चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े डॉ. वाई. सिंह ने अस्पतालों में डॉक्टरों की सुरक्षा का सवाल उठाया। उन्होंने मरीजों के परिजन की ओर से होने वाली घटनाओं पर चिंता जताते हुए अस्पतालों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की। फिल्मों के जरिये चिकित्सकों की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का मुद्दा भी उठाया। इस पर नितिन नवीन ने कहा कि काम के दबाव के बावजूद डॉक्टरों में संवेदनशीलता और नैतिक कार्य संस्कृति जरूरी है।
चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज के पूर्व अध्यक्ष एसके अग्रवाल ने सूक्ष्म उद्योगों को बैंकों से ऋण मिलने में आ रही दिक्कतों की ओर ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा कि सबसे अधिक रोजगार देने वाले इस क्षेत्र को बैंकिंग व्यवस्था में सहूलियत मिलनी चाहिए। जवाब में नितिन नवीन ने कहा कि छोटे उद्योगों की समस्याएं दूर की जाएंगी। एमएसएमई क्षेत्र को मजबूती देने के लिए 20 हजार करोड़ रुपये का सहयोग दिया गया है।
डॉ. एके चतुर्वेदी ने आयुष्मान कार्ड के लिए परिवार के सदस्यों की संख्या को बाध्यता नहीं बनाने का सुझाव दिया, ताकि छोटे परिवार भी योजना के लाभ से वंचित न रहें। नितिन नवीन ने कहा कि आयुष्मान योजना का लाभ छोटे परिवारों तक पहुंचाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, डॉ. कौस्तुभ नारायण मिश्र ने जेन-जी को संस्कारित करने की जरूरत बताई। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि हमारे लिए सभी युवा हैं। शांभवी नंंदन पांडेय ने अधिवक्ताओं की ओर से एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग उठाई। इस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अधिवक्ताओं को कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की तैयारी की बात कही।
नितिन नवीन ने गोरखपुर में बुनियादी ढांचे के विकास और बेहतर सड़क व रेल संपर्क की सराहना करते हुए कहा कि पार्टी ने गोरखपुर को मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष दिया है। अब उन्हें यहां की जनता का स्नेह और आशीर्वाद चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने की। संचालन क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं संवाद संयोजक राजेश गुप्ता ने किया। अंत में प्रदेश महामंत्री एवं गोरखपुर क्षेत्र प्रभारी अभिजात मिश्रा ने आभार जताया। इस दौरान महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. केआरसी रेड्डी, दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. केपी सिंह, क्षेत्रीय मंत्री बृजेश राम त्रिपाठी सहित चिकित्सा, अधिवक्ता, व्यवसाय और उद्योग जगत से जुड़े लोग मौजूद रहे।