इंटर क्लब क्रिकेट लीग बी-डिविजन प्रतियोगिता के अंतर्गत खेला गया लीग मैच
छह विकेट झटकने वाले आरुष बने प्लेअर ऑफ द मैच
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। सेंट एंड्रयूज कॉलेज ग्राउंड पर सोमवार को इंटर क्लब क्रिकेट लीग बी-डिविजन क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत नीना थापा क्रिकेट एकेडमी और एवरबांड के बीच मैच खेला गया। इस मैच में नीना थापा क्रिकेट एकेडमी ने एवरबांड को एकतरफा मुकाबले में 122 रनों से हरा दिया। मैच में आरुष कुमार को छह विकेट हासिल करने पर प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
टॉस जीतकर नीना थापा क्रिकेट एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। मैच में अफजल अली ने 22 गेंदों में 35, प्रतीक कुमार ने 50 गेंदों में 48 और दुर्गेश कुमार पांडेय के आक्रामक 16 गेंदों में 38 रनों की पारी की बदौलत नीना थापा ने 28.5 ओवर में सभी विकेट खोकर 211 रन का स्काेर बनाया। एवरबांड के अमर धवन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सात ओवर में 4 विकेट झटके।
212 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एवरबांड की टीम 21.4 ओवर में 89 रनों के स्कोर पर सिमट गई। नीना थापा ने 122 रनों से मैच को जीत लिया। एवरबांड की ओर से कप्तान नवीन शर्मा ने 17 गेंदों में 28 रनों की पारी खेली। नीना थापा के आरुष ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5.4 ओवर में 32 रन देकर 6 विकेट झटके।