- रविवार को ट्रेन में महिला को हुई थी प्रसव पीड़ा, डॉक्टरों की मदद से जन्मा था बच्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। रेल यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या होने पर यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे की 139 हेल्पलाइन राहत का माध्यम बन रही है। दवा की जरूरत हो या कोई अन्य आपात स्थिति, 139 पर सूचना मिलते ही रेलवे की ओर से त्वरित कार्रवाई की जा रही है। रविवार को गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर 139 हेल्पलाइन की मदद से ट्रेन में ही सुरक्षित प्रसव कराया गया।
सरयू-यमुना एक्सप्रेस की एस-1 में यात्रा कर रही एक महिला को रविवार को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई थी। स्थिति बिगड़ती देख महिला के पति ने ट्रेन में मौजूद टीटीई से संपर्क किया। टीटीई की सलाह पर तुरंत 139 हेल्पलाइन पर कॉल कर मदद मांगी गई। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आया और ट्रेन में मौजूद डॉक्टरों की देखरेख में महिला का सुरक्षित प्रसव कराया गया। रेलवे की इस तत्परता से महिला और नवजात दोनों सुरक्षित हैं।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि यात्रा के दौरान किसी भी तरह की परेशानी होने पर यात्री बिना देर किए 139 हेल्पलाइन पर संपर्क करें। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए रेलवे प्रतिबद्ध है।