कैडेट्स ने राइफल चलाना सीखा
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु में आयोजित एनसीसी के वार्षिक शिविर में बुधवार को तीसरे दिन कैडेट्स ने राइफल चलाना सीखा। राइफल शूटिंग का अभ्यास कर कैडेट्स रोमांचित हो गए। इस मौके पर आपदा से बचाव का भी अभ्यास किया।
शिविर की शुरुआत सुबह 6:30 बजे दौड़ व योग से हुई। सभी कैडेट्स से मैैदान में दौड़ लगवाई गई। प्रशिक्षकों ने कैडेट्स को पीटी और योगा कराया। इसके बाद कैडेट्स को परेड और सैल्यूट का प्रशिक्षण दिया गया। बाढ़, भूकंप जैसे आपदाओं से निपटने की तकनीक बताई गई।
इस दौरान कैडेट्स को एनसीसी के विभिन्न विषयों को पढ़ाने के साथ ही प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया गया। कैडेट्स को एनसीसी के लक्ष्य, उद्देश्य और संगठन और एनसीसी कैडेटों के कर्तव्य के बारे में, लक्षण, संकेतक, प्रेरणा नैतिकता और सम्मान कोड के बारे में बताया गया। कैडेट्स के लिए हर रोज विभिन्न गतिविधियां व सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें वे बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले रहे हैं।
इस शिविर में कैडेट को राइफल चलाना, मैप रीडिग, ड्रिल, मार्च पास्ट करना सिखाया जा रहा है। शिविर में गोरखपुर, महाराजगंज सिद्धार्थनगर के 600 बालक बालिका कैडेट्स प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
इस दौरान 46वीं वाहिनी गोरखपुर के एनसीसी के सीओ वीके शर्मा सेना मेडल,सब मेजर अमित राणा,एओ वेद प्रकाश सिंह पटियाल,सूबेदार तरसेम, खजान सिंह,दीपक सिंह,कैप्टन मुकेश कुमार,कैप्टन हेमन्त राज उपाध्याय एवं एनसीसी केयर टेकर डॉ. प्रज्ञेश नाथ त्रिपाठी मौजूद थे।