मुफ्तीपुर के पार्षद जियाउल इस्लाम।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर से सपा के वरिष्ठ नेता और पार्षद जियाउल इस्लाम ने रविवार को मंदिर में खुद जाकर सफाई की। इनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जहां लोग जमकर इनकी तारीफ कर रहे हैं।
मुफ्तीपुर वार्ड के पार्षद जियाउल इस्लाम रविवार को मंदिर और मस्जिद को सैनिटाइज कर चर्चा में छाए हुए हैं। उन्होंने वार्ड की सभी मस्जिदों और बड़े-छोटे मंदिरों के बाहरी हिस्सों में नगर निगम के कर्मचारियों से छिड़काव कराया लेकिन अंदर वह खुद मशीन लेकर छिड़काव में जुट गए।
जियाउल इस्लाम ने बताया कि लॉकडाउन की शुरुआत में हर वार्ड में सैनिटाइज करने की मांग हो रही थी। नगर निगम के पास संसाधनों की कमी होने के कारण एक साथ हर जगह छिड़काव संभव नहीं था। ऐसे में हमने टुल्लू पंप, कूलर का पंखा एक ठेले पर रखकर उससे छिड़काव किया था।
उन्होंने कहा कि सोमवार से मंदिर-मस्जिद समेत सभी धार्मिक स्थल खुल जाएंगे। ऐसे में पूजा, इबादत और प्रार्थना के लिए श्रद्धालु आएंगे इसलिए सभी धार्मिक स्थलों को सैनिटाइज कराया जा रहा है।