यूपी के कुशीनगर में भतीजी से छेड़खानी की शिकायत करने भाई के साथ थाने जा रहे एक व्यक्ति की दो सगे भाइयों ने पिता के साथ मिलकर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद तनाव के माहौल को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात है। फिलहाल इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है।
जानकारी के अनुसार, कसया क्षेत्र के एक गांव की दो सगी नाबालिग बहनों से गांव का ही एक युवक अक्सर छेड़खानी करता था। स्कूल से आते-जाते उन पर फब्तियां कसता था। काफी दिनों तक दोनों बहनों ने बर्दाश्त किया, लेकिन युवक की हरकतें नहीं रुकीं तो उन्होंने सारी बात अपने 42 वर्षीय चाचा से बता दी।
गांव के चौराहे पर गिट्टी-बालू की दुकान चलाने वाले किशोरियों के चाचा सोमवार को युवक की शिकायत लेकर उसके घर पहुंचे तो आरोपी उनसे उलझ गया और कहासुनी होने लगी। आसपास के लोगों ने समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया।
देर शाम चाचा छींटाकशी की शिकायत लेकर किशोरियों के पिता के साथ बाइक से थाने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि गांव के बाहर रास्ते में आरोपी अपने भाई और पिता के साथ घात लगाकर बैठा था। दोनों को देखकर उन्होंने रोक लिया और थाने जाने से मना करने लगे।