एयरपोर्ट के बाहर इंतजार करते लोग।
गोरखपुर। एयरपोर्ट पर बृहस्पतिवार को भी इंडिगो के विमानों का शेड्यूल प्रभावित रहा। मुंबई जाने वाली एक फ्लाइट निरस्त कर दी गई। वहीं, हैदराबाद, कोलकाता और मुंबई की कई फ्लाइट लेट रहीं। विमानों के लेट होने से यात्रियों को काफी परेशानी हुई।
बृहस्पतिवार को हैदराबाद से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट करीब ढाई घंटे की देरी से पहुंची। कोलकाता से आने वाली फ्लाइट को अपराह्न 3:30 बजे आनी थी लेकिन यह शाम 5:58 बजे गोरखपुर पहुंची। मुंबई से अपराह्न 3:15 बजे आनी वाली फ्लाइट का स्टेटस नहीं मिल रहा था, जिसके बाद इसे निरस्त कर दिया गया। इससे मुंबई जाने वाले यात्रियों में नाराजगी देखने को मिली।
दिल्ली से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट शाम 4:10 बजे की जगह रात में 9:30 बजे पहुंची। वहीं, गोरखपुर से हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट दोपहर 2:05 बजे की जगह शाम में 5:04 बजे टेक ऑफ की। गोरखपुर से कोलकाता जाने वाले विमान ने 2:30 घंटे की देरी से शाम 6:20 बजे उड़ान भरी। शाम 6:15 बजे बंगलूरू को जाने वाली फ्लाइट 7:30 बजे टेक ऑफ हुई। गोरखपुर से मुंबई जाने वाले स्पाइसजेट के विमान ने 1:08 घंटे की देरी से शाम 7:58 बजे उड़ान भरी। विमानों की लोकेशन न मिलने की वजह से एयरपोर्ट के बाहर अपनों को रिसीव करने लोग भी परेशान दिखे।
मुंबई से दुबई की थी फ्लाइट, वो भी छूटी
विमानों का शेड्यूल प्रभावित होने की वजह से लोगों को काफी परेशानी हुई। सलेमगढ़, बिहार से आए सद्दाम अपनी बहन को रिसीव करने पहुंचे थे। बताया कि मुंबई से आने वाली फ्लाइट एक घंटे लेट है। अब वापस कैसे जाएंगे, इसकी चिंता सता रही है। नंदानगर के नीरज सिंह को मुंबई जाना था। वहां से दुबई के लिए उनकी फ्लाइट थी। बताया कि मुंबई की फ्लाइट कैंसिल होने के बाद बताया गया कि यह अब शुक्रवार को जाएगी।