सदर सांसद रवि किशन ने नगर निगम और जल निगम के अधिकारियों से पूछा कि शहर में कई जगह जलभराव क्यों हो रहा है? इससे बड़ी आबादी को परेशानी झेलनी पड़ रही है। ऐसे में दोनों विभागों के अधिकारी यह सुनिश्चित कर लें कि बारिश के समय शहर में जलभराव न हो और लोगों को इससे जूझना न पड़े। मैं अपने प्रतिनिधियों के माध्यम से लगातार इस पर निगरानी रखूंगा।
शुक्रवार को सदर सांसद ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए नगर निगम और जल निगम के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में नगर आयुक्त अंजनी कुमार सिंह, जलकल महाप्रबंधक एसके श्रीवास्तव और जल निगम के एक्सईएन रतनसेन सिंह शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने नगर आयुक्त से शहर के मोहल्लों में जलजमाव का कारण पूछा। बैठक में भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय मंत्री प्रदीप शुक्ला व सांसद प्रतिनिधि समरेंद्र विक्रम सिंह भी मौजूद रहे।