फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gorakhpur News: चप्पल और शर्ट देखकर टूट गई मां की उम्मीद, रोहिन नदी में बेटी को तलाशती रहीं निगाहें

विज्ञापन
विज्ञापन
गोरखपुर। रोहिन नदी के किनारे मंगलवार को एक मां की आंखें लगातार अपनी बेटी को तलाश रही थीं। नदी की लहरों को निहारते हुए मां गीता को हर पल यही उम्मीद थी कि शायद उसकी बेटी पीहू कहीं से लौट आएगी। घटनास्थल से मिली तीन जोड़ी चप्पल और एक शर्ट ने परिवार की बेचैनी और बढ़ा दी। बच्चों के कपड़े और सामान देखते ही पीहू की मां फफक पड़ीं। आसपास मौजूद महिलाओं ने किसी तरह उसे संभाला लेकिन बेटी की चिंता में उसकी आंखें नदी से हट नहीं रही थीं।
विज्ञापन

तिवारीपुर थाना क्षेत्र के न्यू कॉलोनी माधोपुर निवासी विक्की यादव की बेटी पीहू और उसका ममेरा भाई सर्वेश मंगलवार को भैंस के पीछे-पीछे रोहिन नदी की ओर चले गए थे। परिवार के लोगों को यह अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर बाद यह सफर मातम में बदल जाएगा। सर्वेश यादव (13) चिलुआताल थाना क्षेत्र के जमानिया गांव का रहने वाला था। वह निजी स्कूल में कक्षा चार का छात्र था। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे वह अपनी मां गुंजन और छोटे भाई शान के साथ ननिहाल आया था। इसके बाद करीब एक घंटे बाद वह अपने मामा की बेटी पीहू और मोहल्ले के दो अन्य बच्चों के साथ भैंस के पीछे नदी की तरफ चला गया।

सर्वेश की मौत से परिवार में पसरा मातम
हादसे की खबर मिलने के बाद सर्वेश के घर में भी कोहराम मच गया। पिता सतीश प्राइवेट नौकरी करते हैं। बेटे की मौत की खबर सुनकर दादी द्रोपती देवी समेत परिवार के लोग बदहवास हो गए। वह परिवार के साथ अपने ससुराल पहुंच गए। जहां सर्वेश की दादी द्रोपती अपने पोते का नाम पुकारते हुए रोते जा रही थीं। आसपास लोग उनका ढांढ़स बांधने में जुटे हुए थे। वहीं पीहू के परिवार पर भी दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पीहू के पिता विक्की यादव दूध का कारोबार करते हैं। परिवार में मां गीता के अलावा भाई किशन, बहन श्वेता और चार साल का छोटा भाई लड्डू है। बाबा कलोट यादव और दादी ज्ञानती देवी भी बेटी की तलाश में नदी किनारे पहुंचे और बिलखते रहे।
विज्ञापन


सीसीटीवी में दिखे चार बच्चे
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में चार बच्चे एक साथ नदी की तरफ जाते दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों बच्चों के पिता धर्मेंद्र यादव से जानकारी ली। उन्होंने बताया कि दोनों बच्चे भैंस चराने गए थे लेकिन सर्वेश ने उन्हें वापस घर भेज दिया था। इसके बाद नदी की ओर सिर्फ सर्वेश और पीहू ही गए थे।

नदी में तलाश, मौके पर पहुंचे अधिकारी
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। जिलाधिकारी, एसएसपी डॉ. कौस्तुभ, एसपी सिटी निमिष पाटील, सीओ गोरखनाथ रवि सिंह, एसडीएम, एडीएम और तहसीलदार समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्रामीण विधायक विपिन सिंह और मेयर डॉ. मंगलेश भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस, पीएसी फ्लड टीम और एनडीआरएफ के गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश अभियान चलाया गया। वहीं परिजन देर तक नदी किनारे खड़े होकर अपनों के मिलने की उम्मीद लगाए रहे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें