पांच साल की मासूम ने स्कूल जाने से मना किया तो नाराज होकर मां ने चाकू गर्म कर किया और बेटी के शरीर पर कई जगह दाग दिया। यह देख बच्ची के पिता थाने पहुंच गए और तहरीर देकर पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कराया।
गोरखपुर में गीडा क्षेत्र के छोटा कालेसर की पांच वर्ष की मासूम ने मंगलवार को स्कूल जाने से मना किया तो नाराज मां ने चाकू गर्म करके कई जगह दाग दिया। इससे बच्ची तड़प उठी और रोने लगी। यह देख बच्ची के पिता थाने पहुंच गए और तहरीर देकर पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कराया। गीडा पुलिस ने नुकीले व धारदार हथियार से हमले का केस दर्ज करके आरोपी मां को हिरासत में ले लिया।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, छोटा कालेसर निवासी राहुल ने दी तहरीर में लिखा कि परिवार में पत्नी व दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी की उम्र 5 वर्ष व छोटी बेटी करीब 2 वर्ष की है। मंगलवार सुबह बड़ी बेटी स्कूल जाने से मना कर रही थी। जिद की और कहा कि स्कूल जाने का मन नहीं है। इससे नाराज होकर पत्नी कंचन ने चाकू गर्म कर किया और बड़ी बेटी के शरीर पर कई जगह दाग दिया। बच्ची चीखते हुए पड़ोसी के घर भागी, लेकिन मां ने पीछा नहीं छोड़ा। पड़ोसी के घर से मासूम को पकड़कर ले आई और गर्म चाकू से दागती रही।
इस घटना को जिस किसी ने भी देखा, उसकी रुह कांप गई। आसपास के लोगों का कहना है कि मासूम से इस तरह की क्रूरता ठीक नहीं है। गीडा के थाना प्रभारी राहुल सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।