गोरखपुर में सोमवार को दोपहर के बाद सूरज निकलने के बावजूद दिन में ठिठुरन बनी रही। वहीं मंगलवार की सुबह की शुरुआत भी घने कोहरे से हुई है। ऊपरी वायुमंडल में धुंध की चादर छायी है। हल्का सूरज निकलने के बावजूद भी गलन बनी हुई है।
गोरखपुर जिले में करीब एक महीने से ठंड का सितम जारी है। सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। शहरी इलाकों में दृश्यता थोड़ी बेहतर थी, लेकिन बाहरी इलाकों में दृश्यता शून्य रही। गाड़ियां लेकर निकले लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। गाड़ियों का डीपर जलाकर चलने के बावजूद रफ्तार 25 से 30 किलोमीटर से ज्यादा नहीं रही।
वहीं, न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री रहने के साथ पछुआ हवा चलने से काफी गलन महसूस हुई। सूरज निकलने के बावजूद लोगों को ज्यादा राहत महसूस नहीं हुई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। हालांकि न्यूनतम और अधिकतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होगी।
मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडे के अनुसार अगले कुछ दिनों तक कोई भी सिस्टम नहीं बन रहा है। ऐसे में बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, 9 और 10 फरवरी को जिले के 50 फीसदी भागों में हल्के बादल छाए रहेंगे। इस कारण न्यूनतम तापमान के करीब 10 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री के आसपास रहेगा।