गोरखपुर। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। बारिश के बाद तेज धूप और फिर उमस के कारण सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार और गले में खराश के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भीड़ बढ़ने से पर्चा बनवाने और दवा लेने के लिए लंबी कतार लग रही है।
शुक्रवार को जिला अस्पताल में 1500 से अधिक मरीजों की ओपीडी हुई। इनमें 400 से ज्यादा मरीज सर्दी-जुकाम, बुखार, खांसी और गले में खराश की शिकायत लेकर पहुंचे। मौसम में लगातार बदलाव के कारण वायरल संक्रमण का असर भी बढ़ रहा है। बारिश के बाद वातावरण में नमी और इसके बाद तेज धूप से लोगों को परेशानी हो रही है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों में सर्दी-जुकाम और बुखार के मामले अधिक सामने आ रहे हैं। अस्पताल में सुबह से ही मरीजों की भीड़ हो रही है। पर्चा बनवाने के बाद चिकित्सक को दिखाने और दवा लेने के लिए मरीजों को काफी देर तक लाइन में खड़ा रहना पड़ा।
बोले अधिकारीमौसम में बदलाव के कारण मरीजों की संख्या बढ़ी है। बारिश के मौसम में वायरल बीमारियों का असर अधिक होता है। अस्पताल में सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार और गले में खराश के मरीज ज्यादा आ रहे हैं।
- डॉ. ओपी सिंह, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक, जिला अस्पताल