गोरखपुर। जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सीएमओ डॉ. राजेश झा ने मंगलवार को जंगल कौड़िया सीएचसी और पीएचसी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सीएमओ को करीब 15 कर्मी अनुपस्थित मिले। उन्होंने अनुपस्थिति को लेकर स्पष्टीकरण मांगा है।
सीएमओ डॉ. झा ने वर्चुअल बैठक में जिलेभर के सभी अधीक्षक और प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों के बीच इस स्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सभी लोग नियत समय पर अस्पताल पहुंचना शुरू करें। औचक निरीक्षण के दौरान अक्सर गायब रहने वाले कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जंगल कौड़िया सीएचसी पर कर्मियों के गायब रहने पर सीएमओ ने वहां के अधीक्षक डॉ. उमेश को निर्देश दिया कि दोबारा ऐसी स्थिति न हो। अगर ऐसी स्थिति पुनः पाई जाती है तो अधीक्षक की ही जवाबदेही होगी। जंगल कौड़िया पीएचसी पर कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई।