-गोरखनाथ क्षेत्र के भगवती चौराहा पर गिरे पोल, बड़ा नुकसान टला
गोरखपुर। गोरखनाथ क्षेत्र स्थित राजेंद्र नगर उपकेंद्र से जुड़े भगवती चौराहा पर मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। करीब 3:30 बजे 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन पर पेड़ की भारी डाल गिरने से तारों में तेज खिंचाव पैदा हो गया, जिसके चलते एचटी लाइन के दो बिजली पोल भरभराकर गिर पड़े। तेज धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घरों व दुकानों से बाहर निकल आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गिरा हुआ एक पोल पास के मकान के बिल्कुल करीब जाकर रुका, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। सूचना मिलते ही बिजली निगम के अभियंता और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए तथा तत्काल सुधार कार्य शुरू कराया गया। बिजली निगम के अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र के ट्रांसफार्मरों को अलग-अलग फीडरों से जोड़कर करीब डेढ़ घंटे के भीतर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। वहीं क्षतिग्रस्त पोल और लाइन को दुरुस्त करने का कार्य देर शाम तक जारी रहा।