- आईआईएम धनबाद में आयोजित हुआ राष्ट्रीय स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) की छात्र टीम ‘नवोन्मेष’ ने आईआईटी (आईएसएम) धनबाद में आयोजित राष्ट्रीय स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन (एसआईएच) 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 1,50,000 रुपये का प्रथम पुरस्कार जीता है।
प्रतियोगिता के फाइनल में देशभर की सर्वश्रेष्ठ टीमों ने भाग लिया। जिस समस्या कथन पर टीम ने कार्य किया, उस पर राष्ट्रीय स्तर पर 500 से अधिक प्रविष्टियां मिली थीं, जिनमें से केवल पांच टीमें शॉर्टलिस्ट की गई थीं। इनमें टीम ‘नवोन्मेष’ ने शीर्ष स्थान हासिल किया। एमएमएमयूटी स्तर पर आयोजित आंतरिक हैकाथॉन में 118 टीमों ने भाग लिया था। मूल्यांकन के प्रथम चरण में 50 टीमें चुनी गईं और विस्तृत चयन प्रक्रिया के बाद दो टीमें ‘नवोन्मेष’ और ‘जेनटेक’राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित हुईं। इनमें से टीम ‘नवोन्मेष’ ने अपने अभिनव और उद्योग-उन्मुख समाधान के आधार पर फाइनल में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
टीम ने ‘सत्यसेतु’ नामक एआई आधारित सॉफ्टवेयर विकसित किया, जो शैक्षणिक प्रमाणपत्रों में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ का पता लगाते हुए दस्तावेज की प्रामाणिकता सुनिश्चित करता है। यह संस्थानों को छेड़छाड़-रोधी प्रमाणपत्र बनाने और कहीं भी तुरंत सत्यापन की सुविधा प्रदान कर शिक्षा क्षेत्र में एक सुरक्षित एवं विश्वसनीय इको सिस्टम तैयार करता है।
टीम में अमर्त्य पांडेय, सक्षम शर्मा, अनुराग बनर्जी, आलोकित मिश्रा, पुष्कर जायसवाल और श्रेया पांडेय शामिल रहीं। टीम को डॉ. आशीष श्रीवास्तव और पुरातन छात्र स्वप्निल गुप्ता का मार्गदर्शन मिला। कुलपति प्रो. जेपी सैनी के नेतृत्व, छात्र क्रियाकलाप के अध्यक्ष प्रो. बीके पांडेय और रेजो टीम के सहयोग ने विश्वविद्यालय में नवाचार को प्रोत्साहित करने वाला उत्कृष्ट वातावरण उपलब्ध कराया।