मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय और राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान मिलकर पूर्वांचल का सबसे बड़ा इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित करेंगे। इसके लिए सोमवार को दोनों संस्थानों के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया गया।
एमएमएमयूटी की तरफ से अधिष्ठाता नियोजन प्रो. गोविंद पाण्डेय और नाइलिट की तरफ से महानिदेशक डॉ. मदन मोहन त्रिपाठी ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। कुलपति प्रो. जेपी पाण्डेय की अध्यक्षता में यह समझौता हुआ।
इसे भी पढ़ें: यूपी बोर्ड परीक्षाफल की घोषणा आज, गोरखपुर-बस्ती मंडल के छात्रों में उत्साह
कुलपति ने बताया कि समझौता ज्ञापन से दोनों संस्थान एक दूसरे को शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में मदद करेंगे। विश्वविद्यालय और नाइलिट दोनों मिलकर पूर्वांचल में सबसे बड़ा इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित करने की दिशा में कार्य करेंगे। ज्ञापन समझौता के अंतर्गत आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, मशीन लर्निंग, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग हब को बढ़ावा देने के लिए कार्य किया जाएगा।
दोनों संस्थान मिलकर नए तकनीकी कार्यक्रम शुरू करेंगे। नाइलिट के डीजी मदन मोहन त्रिपाठी ने आश्वस्त किया कि देश के विभिन्न कंपनी को विश्वविद्यालय से जुड़ने में वे मदद करेंगे। इस दौरान कुलसचिव डॉ. जय प्रकाश आदि मौजूद रहे।