स्थानीय निकाय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी प्रत्याशी को जीत दिलाने की जिम्मेदारी भाजपा सांसद व विधायकों को दी गई है। साफ कहा गया है कि सांसद-विधायक एक-एक मतदाता से संपर्क करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियां बताएं और समर्थन मांगें। इसका सकारात्मक परिणाम सामने आएगा।
गोरखपुर-महराजगंज निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव नौ अप्रैल को होगा। 12 अप्रैल को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे। इस क्षेत्र से एमएलसी सीपी चन्द भाजपा प्रत्याशी हैं। लिहाजा, भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। इसी सिलसिले में क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने रविवार को गोलघर स्थित प्रत्याशी के कैंप कार्यालय में बैठक की है। सांसद, विधायक व ब्लॉक प्रमुखों की बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि गोरखपुर-महराजगंज निर्वाचन क्षेत्र में 5,449 मतदाता हैं। पांच-छह अप्रैल तक मतदाताओं से संपर्क करके जीत का मजबूत आधार तैयार करना है।
भाजपा का मकसद 80 फीसदी मत हासिल करना है। निर्वाचन क्षेत्र के प्रभारी व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र सिन्हा और महामंत्री प्रदीप शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कामकाज से जनप्रतिनिधि भी खुश हैं। भाजपा प्रत्याशी को अच्छा समर्थन मिल रहा है। इस मौके पर बांसगांव से भाजपा सांसद कमलेश पासवान, कैंपियरगंज से विधायक फतेहबहादुर सिंह, गोरखपुर ग्रामीण से विधायक विपिन सिंह, पिपराइच विधायक महेंद्रपाल सिंह, सहजनवां से भाजपा विधायक प्रदीप शुक्ला, जिला प्रभारी अजय सिंह गौतम, जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता मौजूद रहे।
गोरखपुर क्षेत्र में एमएलसी की पांच सीटें
भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के लिहाज से एमएलसी की पांच सीटें हैं। गोरखपुर-महराजगंज से सीपी चन्द, कुशीनगर-देवरिया से डॉ. रतनपाल सिंह, बस्ती-संतकबीरनगर व सिद्धार्थनगर से सुबास यदुवंश, बलिया से रविशंकर सिंह और आजमगढ़ से अरुण यादव प्रत्याशी बनाए गए हैं। इन सभी को जीत दिलाने के लिए भाजपा ने ताकत झोंकी है। अलग-अलग क्षेत्रों के प्रभारी नामित किए गए हैं। क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह लगातार क्षेत्रों में जाकर जनप्रतिनिधियों से संवाद कर रहे हैं।
जनप्रतिनिधि डालते हैं वोट
एमएलसी चुनाव में जनप्रतिनिधि ही मतदान करते हैं। इनमें ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पंचायत सदस्य, नगर पंचायत अध्यक्ष, नगर निगम के मेयर व पार्षद शामिल हैं।