गोरखपुर-महराजगंज स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र (एमएलसी) के चुनाव में सीपी चन्द भाजपा प्रत्याशी हो सकते हैं। वह हाल ही सपा छोड़कर भाजपा में आए हैं। वर्तमान में एमएलसी हैं।
गोरखपुर-महराजगंज, देवरिया-कुशीनगर व संतकबीरनगर-बस्ती स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव सात मार्च को होगा। भाजपा सूत्रों के मुताबिक, वर्तमान एमएलसी सीपी चन्द ही गोरखपुर-महाराजगंज से प्रत्याशी हो सकते हैं। इसी सिलसिले में सीपी चन्द ने पार्टी आलाकमान से मुलाकात भी की थी।
पार्टी आलाकमान से हरी झंडी मिलने के बाद ही सीपी चन्द चुनावी तैयारियों में जुट गए हैं। इस क्षेत्र में करीब पांच हजार मतदाता हैं। सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, ब्लॉक प्रमुख, क्षेत्र पंचायत सदस्य व ग्राम प्रधान मतदान करते हैं।
नगर पंचायत अध्यक्ष, सभासद, नगर निगम के मेयर, डिप्टी मेयर व पार्षद भी मतदान करते हैं। देवरिया-कुशीनगर व संतकबीरनगर-बस्ती स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र से अभी तक किसी दावेदार का नाम सामने नहीं आया है।