संतकबीरनगर जिले के बेलहर क्षेत्र के राजघाट स्थित आमी नदी में नहाते समय लापता हुए 50 वर्षीय शख्स का शव घटना के तीसरे दिन बुधवार को मिला। इसे एसडीआरएफ की टीम ने खोजा। शव घटना स्थल से दो किलोमीटर दूर मिला। सूचना पर पहुंचे परिजन गमगीन हो उठे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सोमवार को जंगल बेलहर निवासी राजमन राजघाट पुल के बाबा मोहकम दास मंदिर पर रोज की तरह गए थे। उसी दौरान आमी नदी में नहाने लगे और लापता हो गए। यह देख कर वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों व गोताखोरों की मदद से काफी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका।
एसओ संतोष कुमार मिश्र ने एसडीएम से एसडीआरएफ की टीम बुलाने का आग्रह किया। एसपी के प्रयास के बाद एसडीआरफ की टीम बुलाई गई। बुधवार को एसडीआरएफ टीम ने घटनास्थल से दो किलोमीटर दूर से शव को ढूंढ निकाला।
एसओ संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पत्नी कमलावती व तीन बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल था। वहीं गांव के लोग भी गमगीन हो उठे।