गोरखपुर जिले के तिवारीपुर निवासी फलों के थोक व्यापारी सुरेश गुप्ता उर्फ राजन (48) का शव बृहस्पतिवार शाम राप्ती नदी में मिला। बुधवार सुबह ही वह घर से निकले थे और दोपहर में पत्नी से बातचीत भी हुई थी, लेकिन शाम को घर नहीं लौटे। बृहस्पतिवार सुबह पुलिस ने उनकी बाइक बाघागाड़ा के पास से बरामद की थी, जिसकी डिकी में चेकबुक, मोबाइल फोन व अन्य जरूरी कागजात मौजूद थे। उनकी मौत की वजह जानने के लिए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, तिवारीपुर के सूरजकुंड निवासी सुरेश गुप्ता महेवा फलमंडी में फलों के थोक व्यापारी थे। परिजनों के अनुसार, वह बुधवार की सुबह फलमंडी जाने के लिए घर से निकले थे। लेकिन, दुकान न जाकर धर्मशाला बाजार चले गए। वहां उन्हें बाहर से आए कुछ व्यापारियों से मिलना था। दोपहर में उनके भाई रमेश ने बात किया तो वे बोले कि अभी घर आ रहे हैं।
इसके बाद व्यापारी की पत्नी ने फोन कर हॉस्पिटल में भर्ती अपने भतीजे को देखने जाने की बात कही। इसके बाद देर रात तक व्यापारी घर नहीं लौटे। पत्नी ने उनका मोबाइल फोन मिलाया तो घंटी जा रही थी, लेकिन रिसीव नहीं हो रहा था। परिजन रात में ही धर्मशाला और रेलवे स्टेशन आदि जगहों पर उनकी तलाश शुरू की।
कुछ पता नहीं चलने पर तिवारीपुर थाने में तहरीर दी। उधर, बृहस्पतिवार की सुबह पुलिस को व्यापारी की बाइक गीडा के बाघागाड़ा फोरलेन के पास खड़ी मिली। इसके बाद पुलिस ने गोताखोर की मदद से नदी में तलाश शुरू करा दी। देर शाम शव बरामद हुआ।