पंजाब नेशनल बैंक चौमुखा कैंपियरगंज शाखा में रुपये निकालने आईं ग्राम सभा राजपुर की 50 वर्षीय पुष्पा जायसवाल को ठगों ने कागज की गड्डी थमाकर 49 हजार रुपये ठग लिए। पुष्पा को जो गड्डी दी गई थी, उस पर ऊपर व नीचे 500 का एक-एक नोट था।
जानकारी के मुताबिक राजपुर निवासी सुरेंद्र जायसवाल का पत्नी पुष्पा के साथ पीएनबी में संयुक्त खाता है। पुष्पा बैंक में रुपये निकालने पहुंची थीं। पर्ची काउंटर पर पहले से मौजूद दो अपरिचित युवकों ने मदद के बहाने उनके हाथ से पासबुक ले लिया और पर्ची भरकर रुपये निकलवाने लगे। काउंटर से रुपये मिलने के बाद दोनों युवक पुष्पा से बात करते हुए बैंक से बाहर निकले और कपड़े में लिपटी कागज की तीन गड्डियां देकर चले गए। पासबुक रखने के बाद पुष्पा ने जब गड्डी पर से कपड़ा हटाया तो ठगी का पता चला। गड्डियों पर दोनों तरफ पांच-पांच सौ रुपये के नोट थे और बाकी कागज था। पति सुरेंद्र जायसवाल ने डायल 112 पर फोन कर घटना की सूचना दी। सीओ अजय कुमार सिंह व इंस्पेक्टर दिलीप कुमार शुक्ल ने बैंक शाखा पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
रहें सावधान, फिर आ गए टप्पेबाज
जिले में टप्पेबाजी की घटनाएं अक्सर ही होती रहती हैं। बाहर से आए बदमाश एक के बाद एक ताबड़तोड़ घटनाओं को अंजाम देते हैं। जब तक पुलिस सक्रिय रहती है, टप्पेबाज शांत हो जाते हैं। लिहाजा वे पकड़े नहीं जा पाते।
पिछले दिनों हुई कुछ प्रमुख घटनाएं-
- 23 अक्तूबर को महराजगंज के एक व्यापारी से गोलघर में जांच के नाम पर डेढ़ लाख रुपये उड़ा दिए।
- 27 अक्तूबर को कैंट क्षेत्र में पुलिस लाइंस के पास दिल्ली के एक व्यापारी से 75 हजार रुपये छीनकर भाग गए थे।
- एक नवंबर को कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ के एक व्यापारी से फर्जी पुलिसकर्मी बनकर जांच के नाम पर 80 हजार रुपये लेकर चंपत हो गए थे।
- आठ नवंबर को इंजीनियरिंग कॉलेज के पास बाइक सवार टप्पेबाजों ने महिला को लूट का भय दिखाकर आभूषण ले लिए और भाग निकले।
- 10 नवंबर को बड़हलगंज कस्बे में महिला का परिचित बनकर करीब दो लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण ले लिया और भाग निकले।
रखें खास सतर्कता-
1- बैंक में रुपये निकालते समय किसी की मदद न लें। अगर जरूरत पड़े तो केवल बैंककर्मी अथवा किसी ऐसे व्यक्ति जिसे आप अच्छी तरह से पहचानते हों, उससे ही मदद लें।
2- काउंटर से हटते समय रुपयों को पूरा गिनकर अपने पास सुरक्षित रखें।
3- अचानक कोई खुद को मुसीबत में फंसा बताते हुए रुपये के बदले रुपये दे, या ऐसी कोई पेशकश करे तो उसे स्वीकार न करें।
4- गहनों की सफाई करने, झाड़ू-फूंक आदि का दावा करने वालों से सावधान रहें।
5- एटीएम बूथ से रुपये निकालते वक्त विशेष सतर्कता बरतें। किसी अंजान से मदद कतई न लें।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि टप्पेबाजी की अधिकांश घटनाएं लोगों को झांसे में लेकर की जाती हैं। इसलिए सतर्कता बरतने पर कुछ घटनाओं को रोका जा सकता है। पिछली कुछ घटनाओं में सीसीटीवी फुटेज मिली थी, जिसके आधार पर छानबीन चल रही है।