गोरखपुर जिले के चौरीचौरा थाना क्षेत्र के डुमरी खास में गुरुवार की शाम मूर्ति विसर्जन कराने के लिए पहुंचे चौरीचौरा के एक सिपाही के साथ बदसलूकी की गई। डुमरी खास गांव के युवकों ने गाली गलौज करते हुए सिपाही की वर्दी को भी फाड़ दिया। पीड़ित सिपाही ने एक नामजद व पांच छह युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
चौरीचौरा थाना पर तैनात कांस्टेबल राहुल यादव और मनोज यादव डुमरी खास के बंधू सिंह स्मारक के पास मूर्ति विसर्जन कराने में लगे थे। इसी दौरान आधा दर्जन युवक तेज गति से गाड़ी चलाते हुए पहुंचे। दोनों सिपाहियों ने युवकों को ऐसा करने से मना किया तो सभी युवक सिपाहियों से भीड़ गए और उनके साथ बदसलूकी करते हुए गाली गलौज करने लगे।
युवकों ने कांस्टेबल राहुल की वर्दी को फाड़ दिया और उनका बैज नोंच लिया। सिपाहियों ने जब फोर्स मंगाने की बात की तो युवक वहां से भागने लगे। भागते समय सिपाहियों ने एक युवक की गाड़ी को पीछे से खींच लिया। जिससे वह अपनी गाड़ी वहीं छोड़कर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने गाड़ी को सीज कर दिया।
कांस्टेबल राहुल यादव की तहरीर पर चौरीचौरा थाने में आरोपी युवक डुमरी खास निवासी अनिल मौर्या पुत्र दूधनाथ मौर्या व पांच छह अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।