सिद्धार्थनगर जिले के पथरा थाना क्षेत्र के डुमरियागंज- बांसी मार्ग पर स्थित झहरांव गांव के पास बुधवार को एक बेकाबू कार सड़क किनारे खड़ी बस में घुस गई। हादसे में कार सवार एक बच्चे की मौत हो गई। जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को बांसी पीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, बांसी कोतवाली क्षेत्र के मिठवल बुजुर्ग गांव निवासी शंकर (30) डुमरियागंज थाना क्षेत्र के जमौतिया गांव में अपने ससुराल पत्नी रीता (28) बेटी अनुष्का (3) और पुत्र आरव को लाने के लिए गया था।
इस दौरान शंकर पत्नी और बच्चों समेत नउगांव चौराहे पर वाहन का इंतजार कर रहा था। ऐसे में डुमरियागंज की तरफ से आ रही कार ने इन लोगों को बैठा लिया। अभी पथरा थाना क्षेत्र के डुमरियागंज- बांसी मार्ग पर स्थित झहराव गांव के पास पहुंचे ही थे कि कार बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़ी बस में घुस गई। इससे कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।