समय से भूसा नहीं खरीदा, अब नोटिस
प्रभारी मंत्री ने कहा कि भूसे की समय से खरीदारी न करने वाले गोरखपुर सहित 27 जिलों के मुख्य पशु चिकित्साधिकारियों को नोटिस दिया गया है। भूसा खरीदने के लिए टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए।
तहसील व ब्लॉकों पर रुकें अफसर
प्रभारी मंत्री ने कहा कि तहसील व ब्लॉक पर जिन अधिकारियों की पोस्टिंग की गई है, उन्हें वहीं रात्रि विश्राम के निर्देश हैं। फरियादियों की रिपोर्ट न लिखे जाने की बात सामने आई तो सुधार की हिदायत दी गई। साफ कहा गया कि जो मामला सही हो, उसका मुकदमा दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जाए। इसका पालन नहीं किया गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
दवाओं की कमी नहीं होगी
प्रभारी मंत्री ने कहा कि अस्पतालों में दवाओं की कमी नहीं है। सांप और कुत्ता काटने पर इस्तेमाल में आने वाली दवा व टीके की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए। जिला अस्पताल में बिचौलियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। तहसीलों में मामलों की सुनवाई में तेजी लाई जाए।
अभियान चलाकर बनाएं राशन कार्ड
प्रभारी मंत्री ने कहा कि अभियान चलाकर नए राशन कार्ड बनाए जाएं। पात्र गृहस्थी व अंत्योदय श्रेणी के लाभार्थियों के राशन कार्ड बनाए जाने हैं। अपात्रों के राशन कार्ड काटे जाएंगे। अंत्योदय श्रेणी के लाभार्थियों को आयुष्मान योजना का लाभ दिया जाना है। इस दिशा में तेजी से काम करना है।