- पीपीगंज रेलवे स्टेशन पर हादसा, ट्रेन चलने से ट्रैक पर गिरकर हुआ गंभीर रूप से घायल
भगवानपुर/भरोहिया। रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन के नीचे से निकलकर दूसरी ओर जाने की कोशिश एक अधेड़ को भारी पड़ गई। अचानक ट्रेन चलने से वह उसकी चपेट में आ गए। हादसे में उनका दाहिना पैर कट गया। गंभीर हालत में उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पीपीगंज नगर पंचायत के वार्ड नंबर नौ निवासी राम सजन अग्रहरि (55) पीपीगंज चौराहे पर होम्योपैथिक दवाओं का मेडिकल स्टोर चलाते हैं। रविवार शाम करीब सात बजे दुकान बंद करने के बाद वह घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीपीगंज रेलवे स्टेशन पर पहुंचे, जहां एक ट्रेन ट्रैक पर खड़ी थी। बताया जा रहा है कि राम सजन ट्रेन के नीचे से निकलकर प्लेटफॉर्म नंबर दो की ओर जाने लगे। इसी बीच अचानक ट्रेन चल पड़ी और वह उसकी चपेट में आ गए। हादसे में उनका दाहिना पैर कट गया और वह गंभीर रूप से घायल होकर रेलवे ट्रैक के पास गिर पड़े। घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे परिजन और स्टेशन कर्मचारियों ने उन्हें एंबुलेंस से बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार, उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं थाना प्रभारी राकेश रोशन ने बताया कि घायल अधेड़ को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।