मृतक शेर अली के रोते बिलखते परिजन।
चौक बाजार। क्षेत्र के ग्राम सभा बड़हरा वैद्य में रविवार को उस समय मातम छा गया जब गांव के 50 वर्षीय अधेड़ शेर अली का शव लुधियाना से एंबुलेंस द्वारा घर पहुंचा। घर के दरवाजे पर एंबुलेंस रुकते ही कोहराम मच गया। पत्नी सबिला खातून, बेटियां साइमा, सलमा, मुस्कान और पुत्र नूर आलम का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उनके विलाप से ग्रामीणों की आंखें भी नम हो उठीं।
जानकारी के अनुसार, शेर अली ईद का त्योहार मनाने के बाद रोजी-रोटी के लिए लुधियाना गए थे। वे वहां एक त्रिपाल की दुकान पर काम करते थे। शुक्रवार की सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। साथ में रह रहे भतीजे शकील ने उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन इलाज के दौरान शनिवार की सुबह शेर अली की मौत हो गई। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है।