घोसियारी। खेसरहा थाना क्षेत्र के वजीराबाद गांव स्थित समय माता स्थान के पास मंगलवार सुबह घूमने गए व्यक्ति की गड्ढे में गिरने के बाद संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पानी कम था, ऐसे में लोग आशंका जाहिर कर रहे हैं कि दम घुटने से जान गई होगी। वहीं, मौत के बाद से परिवार के लोगों का रो- रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के वजीराबाद निवासी राम भवन चौधरी उर्फ वानर (50) पुत्र उदयराज चौधरी, सुबह नित्यकर्म के लिए समय माता स्थान के पीछे स्थित बाग में गए थे। वहां एक गड्ढे में गिर गए। कुछ देर बाद राहगीरों की नजर वहां खड़ी बाइक पर पड़ी। संदेह होने पर लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। इसकी सूचना तत्काल परिजन को दी।
मौके पर पहुंचे परिजन उन्हें निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुधौली लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। गड्ढे में पानी कम था।
आशंका जताई जा रही है कि वे सिर के बल गड्ढे में गिर गए और खुद बाहर नहीं निकल सके, जिससे दम घुटने के कारण उनकी मौत हो गई।
मृत्यु की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार, राम भवन चौधरी परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। उनकी असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
इस संबंध में चौकी प्रभारी कुर्थिया वीरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि हादसे की कोई सूचना नहीं है।