मकर संक्रांति पर गोरखपुर मेला देखने व खिचड़ी चढ़ाने जाने वाले यात्रियों एवं श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने नौतनवां-गोरखपुर रूट पर मेला स्पेशल ट्रेन चलाने की मंजूरी देकर लोगों को खिचड़ी का तोहफा दिया है। यह ट्रेन 13, 14 व 15 जनवरी को रात में 9 बजे नौतनवां से चलकर उसी रात 11:15 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
वहीं 14 जनवरी से नौतनवां रूट पर दुर्ग एक्सप्रेस भी दौड़ेगी। नौ माह बाद पहली बार यह ट्रेन 14 जनवरी की रात 10 बजे नौतनवां रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी और 15 जनवरी की सुबह 11:35 बजे नौतनवां रेलवे स्टेशन से रवाना होगी।
बताया गया कि पूर्व की भांति ही दुर्ग एक्सप्रेस पुन: गुरुवार, शुक्रवार व शनिवार को अपने निर्धारित समय पर नौतनवां रेलवे स्टेशन से गंतव्य को रवाना होगी।
स्टेशन अधीक्षक नौतनवां घनश्याम प्रसाद ने बताया कि 13 जनवरी से तीन दिनों तक गोरखपुर के लिए मेला स्पेशल ट्रेन चलेगा, इसके साथ ही शुक्रवार से दुर्ग एक्सप्रेस ट्रेन भी नौतनवां से रवाना होगी। उन्होंने बताया कि यात्रा के लिए आधा घंटा पहले ही टिकट आरक्षण कराना होगा।