- रेलवे स्टेशन के उत्तरी और दक्षिणी लाइन के साथ ही प्लेटफॉर्म सात और आठ पर बनाए गए प्वाइंट
- पांचवें दिन साढ़े पांच घंटे का रहा ब्लॉक, प्लेटफॉर्म नंबर नौ की ओर पटरियों पर कराया गया काम
गोरखपुर। रेलवे स्टेशन के यार्ड रिमाॅडलिंग के पांचवें दिन बुधवार को सुबह नौ बजे से दोपहर ढाई बजे तक साढ़े पांच घंटे तक काम चला। ब्लॉक के दौरान प्लेटफाॅर्म नंबर सात और आठ पर प्वाइंट बनाने का काम हुआ। इसके साथ ही प्लेटफॉर्म नंबर नौ की ओर भी पटरियों पर काम कराया गया। वहीं स्टेशन की उत्तरी छोर पर तीसरी रेल लाइन और विद्युतीकरण का कार्य तेजी के साथ चल रहा है। ब्लॉक से 42 ट्रेनें प्रभावित रहीं।
मेगा ब्लॉक के चलते ट्रेनों के निरस्तीकरण से गोरखपुर समेत पूर्वांचल और बिहार के लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक दिल्ली जाने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। गोरखधाम एक्सप्रेस की जनरल बोगियों में सीट के लिए मारामारी है। आरपीएफ के जवान यात्रियों को लाइन में लगाकर कोचों में बैठा रहे हैं। यात्रियों की यह परेशानी तीन मई तक रहेगी। हालांकि, प्री नॉन इंटरलॉकिंग शुरू होते ही जंक्शन पर यात्रियों की भीड़ कम होती जा रही है। प्री नॉन इंटरलाकिंग 26 अप्रैल तक रहेगा। इस दौरान अधिक ट्रेनें प्रभावित नहीं की गई हैं। सभी प्लेटफॉर्म से ट्रेनें चलाई जा रही हैं। 27 अप्रैल से तीन मई तक नॉन इंटरलाकिंग होगी। नॉन इंटरलॉकिंग के दौरान ट्रेनें अधिक प्रभावित रहेंगी।