मृतक डॉ. राजीव रंजन की फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला।
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के सीएचसी रुद्रपुर के चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव रंजन (36) की रविवार की रात कोरोना से मौत हो गई। उन्हें देवरिया के एल वन कोविड अस्पताल का प्रभारी बनाया गया था।
बता दें कि ड्यूटी के दौरान 19 अगस्त को डॉ. राजीव रंजन कोरोना संक्रमित पाए गए थे। 22 को उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान रविवार की रात उनकी मौत हो गई।
रुद्रपुर के रामचक गांव के मूल निवासी डॉ. राजीव जिले में पूरी सक्रियता से कोविड मरीजों की देखभाल और इलाज के लिए मशहूर हो गए थे। उनकी मौत से रुद्रपुर में शोक की लहर है। गांव में मातम पसरा है।
वहीं डॉक्टर के माता पिता और उनका चार साल का बेटा भी कोरोना से संक्रमित है। सोमवार को रुद्रपुर के बैकुंठधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस अवसर पर डीएम अमित किशोर, एसडीएम संजीव कुमार उपाध्याय सहित जिले के तमाम अधिकारी मौजूद रहे।