- गोरखपुर जंक्शन पर बुलानी पड़ी चिकित्सकीय सहायता
गोरखपुर। तेज गर्मी और ट्रेनों में बढ़ती भीड़ अब यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों पर भारी पड़ने लगी है। बुधवार को दो अलग-अलग ट्रेनों में एक यात्री और एक कोच अटेंडेंट की तबीयत अचानक बिगड़ गई। हालात ऐसे बने कि गोरखपुर जंक्शन पर दोनों के लिए तत्काल चिकित्सकीय सहायता बुलानी पड़ी। प्राथमिक उपचार के बाद ही दोनों अपनी आगे की यात्रा जारी रख सके।
पहली घटना दिल्ली से चंपारण जा रही 15706 हमसफर एक्सप्रेस में हुई। जनरल कोच में अत्यधिक भीड़ के चलते यात्री दिलीप कुमार की तबीयत अचानक खराब हो गई। उसे सांस लेने में दिक्कत, उल्टी और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। सहयात्रियों ने तुरंत गार्ड को सूचना दी, जिसके बाद गोरखपुर कंट्रोल को अलर्ट किया गया। सुबह करीब सात बजे ट्रेन के जंक्शन पहुंचते ही मेडिकल टीम ने यात्री को कोच से उतारकर उपचार शुरू किया। जांच के दौरान पता चला कि भीड़ और घुटन के कारण उसकी स्थिति बिगड़ी थी। डॉक्टरों ने दवा देने के साथ उसे स्लीपर कोच में शिफ्ट करने की सलाह दी, जिससे उसे राहत मिल सके।
दूसरी ओर, गोमतीनगर-कोलकाता स्पेशल ट्रेन में एक कोच अटेंडेंट भी गर्मी की चपेट में आ गया। उसे तेज सिरदर्द, पेट दर्द और उल्टी की शिकायत हुई। गोरखपुर पहुंचने पर उसे भी उतारकर डॉक्टरों ने उपचार दिया।