- बिजली निगम की ओर से बक्शीपुर व विकास नगर उपकेंद्र पर किए गए उपाए
गोरखपुर। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ रही बिजली की खपत से उपकेंद्रों पर लगे पावर ट्रांसफॉर्मर ओवरलोड होकर गर्म हो रहे हैं। ऐसे में ट्रांसफॉर्मरों को ठंडा रखने के लिए बिजली विभाग ने कूलर-पंखे लगाए हैं।
कई उपकेंद्रों पर पावर ट्रांसफाॅर्मर के आसपास कूलर और बड़े पंखे लगाए गए हैं, ताकि लगातार हवा मिलती रहे और तापमान नियंत्रित किया जा सके। शहर के बक्शीपुर उपकेंद्र पर पावर ट्रांसफॉर्मर पर एक्जास्ट फैन लगाया गया है। इसको दोपहर में चलाया जाता है। आवश्यकता पड़ने पर इसे शाम के समय में भी चलाया जाता है जिससे ट्रांसफाॅर्मर को ठंडा रखा जा सके। वहीं विकासनगर में 10 एमवीए के पावर ट्रांसफॉर्मर पर को ठंडा करने के लिए कूलर लगाया गया है।
बक्शीपुर के एसडीओ पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि इन उपायों से ट्रांसफाॅर्मरों को कुछ हद तक राहत मिल रही है और फाल्ट की संभावना कम हो रही है। बढ़ती गर्मी के बीच बिजली की खपत लगातार रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच रही है। ऐसे में ट्रांसफॉर्मरों पर अतिरिक्त दबाव बना हुआ है।