सरदारनगर (गोरखपुर)। बघाड़ महादेव गांव में बृहस्पतिवार सुबह 33 वर्षीय विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर जान दे दी। चौरीचौरा थाना क्षेत्र के गांव में घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक के पिता ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए चौरीचौरा थाने में तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार, खजनी थाना क्षेत्र के बिहारी बुजुर्ग निवासी रामकिशुन मौर्य ने अपनी पुत्री सत्यभामा की शादी करीब छह वर्ष पूर्व बघाड़ महादेव निवासी विवेक मौर्य से की थी। दंपती का एक पांच वर्षीय पुत्र भी है। मृतका का पति वर्तमान में सूरत (गुजरात) में प्राइवेट नौकरी करता है।
परिजनों के अनुसार, घटना की सूचना सुबह मृतका के पति विवेक मौर्य ने फोन कर दी, जिसमें उसने बताया कि पत्नी सत्यभामा ने बृहस्पतिवार सुबह कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी है। घटना के समय मृतका की सास खेत में चारा काटने गई थी जबकि ससुर पल्लेदारी करने गए हुए थे। सास के घर लौटने पर जानकारी हुई तो शोर मचाया। इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से सत्यभामा को तत्काल सीएचसी चौरीचौरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर फॉरेंसिक टीम के साथ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल कानिरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद सीएचसी पर मायके पक्ष की मौजूदगी में मजिस्ट्रेट की ओर से पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।
थाना प्रभारी वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि मृतका के पिता रामकिशुन मौर्य की ओर से ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।