फरवरी में होनी है दो बेटियों की शादी, ताला तोड़कर गहने उठा ले गए चोर
कुसम्ही बाजार। इलाके के कुसम्ही कोठी निवासी ओमप्रकाश गौड़ के मकान में चोरी हो गई। रविवार को सुबह जानकारी होने पर घरवालों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने चोरी हुआ कुछ सामान बरामद कर लिया और उसे पीड़ित को लौटा दिया। आरोप है कि चोरी के बदले पुलिस ने उनलोगों से दूसरी तहरीर भी ले ली। फरवरी में उनकी दो बेटियों की शादी होनी है।
मूल रूप से खोराबार के कुईं बाजार निवासी ओमप्रकाश गौड़ का कुसम्ही कोठी में भी मकान है। दो दिन पहले उनके पिता की तबीयत खराब हो गई थी। पूरा परिवार गांव चला गया। रविवार सुबह जब घर पहुंचे तो ताला टूटा हुआ था। दो बेटियों की शादी की तैयारियों में परिजन जुटे हुए हैं। गहनों की भी खरीदारी हो चुकी थी। ओमप्रकाश के मुताबिक मकान से करीब एक लाख के जेवरात चोरी हुए हैं।
आरोप है कि ओमप्रकाश और उनकी पत्नी शीला जब तहरीर लेकर थाने पहुंची तो हल्का इंचार्ज ने तहरीर बदलवा दी और चोरी हुआ कुछ सामान लौटा दिया। इसके बाद पीड़ित परिवार के कुछ लोग पुलिस पर तरह-तरह के आरोप लगाने लगे।
इंस्पेक्टर सुनील राय ने बताया कि चोरी हुई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस को हाइवे पर एक लावारिस बाइक भी मिली थी। उसमें एक झोले में रखा कुछ सामान टंगा हुआ था जिसे पीड़ित परिवार को पहचान कराने के साथ सौंप दिया गया। आरोपितों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।