उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की ओर से आयोजित ऑनलाइन रोजगार मेला के लिए 725 युवाओं ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। आवेदन कर्ताओं के दस्तावेजों का सत्यापन कर विभाग की ओर से सोमवार की शाम तक संबंधित कंपनियों को भेज दिया जाएगा। अगले तीन दिनों के अंदर कंपनियों की ओर से टेलीफोनिक या वीडियो कॉलिंग के माध्यम से युवाओं का साक्षात्कार लिया जाएगा। चयनित युवाओं को ऑनलाइन ही नियुक्ति पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
सहायक निदेशक सेवायोजन अवधेंद्र प्रताप वर्मा ने बताया कि आठ कंपनियों की ओर से विभिन्न पदों पर 880 नियुक्तियां निकाली गई थी। 26 अक्तूबर की दोपहर 12 बजे तक रोजगार मेला में शामिल होने के लिए सेवायोजन विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण कराया जा सकता था। समय सीमा खत्म होने तक 725 युवाओं ने आवेदन किया है। सर्वाधिक आवेदन रैंडस्टैड कंपनी में ब्रांच रिलेशन एग्जीक्यूटिव पद के लिए आई हैं। 200 पदों के लिए 382 युवाओं ने आवेदन किया है। उसके बाद मगध मगध एग्रोटेक में फील्ड एग्जीक्यूटिव, टेलीकॉलर, सेल्स ट्रेनर कंप्यूटर ऑपरेटर, कृषि अधिकारी समेत अन्य 120 पदों के लिए 172 आवेदन आए हैं।