कुशीनगर में कोरोना के संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बृहस्पतिवार को 518 लोगों के सैंपल की रिपोर्ट मिली, जिसमें कोरोना संक्रमित केस की संख्या 53 रही। इन्हें लेकर कोरोना संक्रमित मरीजों का कुल आंकड़ा एक हजार के पार पहुंच गया है। कोरोना के लक्षण वाले सभी मरीजों को लक्ष्मीपुर के अटैच एल-1 हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
कोरोना का संक्रमण परिवारों तक पहुंचने के कारण मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। इसके अलावा सभी सीएचसी-पीएचसी पर एंटीजन टेस्ट और जिला अस्पताल में ट्रूनॉट किट से जांच की सुविधा शुरू होने के बाद जांच में भी बढ़ोत्तरी हुई है। जांच का दायरा बढ़ने से संक्रमित मरीजों का ग्राम भी बढ़ता जा रहा है।
सीएमओ डॉ. एनपी गुप्ता ने बताया कि बृहस्पतिवार को 518 सैंपल की रिपोर्ट प्राप्त हुई। इसमें 465 निगेटिव और 53 पॉजिटिव केस हैं। एक्टिव पॉजिटिव केस की संख्या 473 है। उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा बृहस्पतिवार को एक हजार को भी पार कर गया।
अब जिले में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 1032 हो गई है। मौजूदा समय में कुल 215 कंटेनमेंट एरिया सक्रिय हैं, जहां कोरोना संक्रमित मिले हैं। बिना लक्षण वाले मरीजों को होम आइसोलेशन में रहने का निर्देश दिया गया है, जबकि लक्षण वाले मरीजों को अटैच एल-1 हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।