देवरिया में कोरोना संक्रमण तेजी से पांव पसारने लगा है। बृहस्पतिवार को आई रिपोर्ट में जेल के 13 बंदियों समेत 43 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। सभी को कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है। कोरोना की जिस गति से तेजी से जांच हो रही है। उसी गति से संक्रमितों की संख्या भी बढ़ रही है। जिले में संक्रमितों की संख्या 2230 हो गई है।
बृहस्पतिवार को 138 लोगों की जांच रिपोर्ट आई। इसमें 43 लोग पॉजिटिव पाए गए। दो सिपाहियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पहाड़पुर गांव के संक्रमित कोटेदार की इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। कोटेदार कई दिनों से संक्रमित थे। कोटेदार के परिवार और राशन लेने वाले कार्डधारकों की जांच कराई जाएगी। सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय ने बताया कि 43 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
पीएचसी दो दिनों के लिए सील
भटनी एचसी में तैनात महिला चिकित्सक समेत तीन स्वास्थ्य कर्मियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ये तीनों कर्मचारी आरबीएसके विभाग से हैं। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने इनसे जुड़े सभी कर्मियों को जांच कराने को कहा है। इसके चलते पीएचसी को अगले 48 घंटों के लिए सील किया गया है।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने बताया कि महिला डॉक्टर सहित तीन स्वास्थ्यकर्मियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पॉजिटिव कर्मचारियों को होम क्वारंटीन किया गया है। आरबीएसके टीम को जांच कराने को कहा गया है।