कोरोना की जांच के लिए सैंपल लेता स्वास्थ्य कर्मी
- फोटो : PTI
कुशीनगर में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से कराई गई कोरोना जांच की रिपोर्ट बृहस्पतिवार को आते ही लोगों में हड़कंप मच गया। फाजिलनगर के विधायक सहित 94 नए पॉजिटिव मिले। फाजिलनगर के कई व्यवसायी भी इस बीमारी से संक्रमित मिले हैं। इनके अलावा पॉजिटिव मरीजों में जिला अस्पताल के एक एलटी भी हैं, जो नेत्र जांच करते हैं। इससे बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल में नेत्र जांच 24 घंटे के लिए बंद कर दिया गया।
कोरोना वायरस के संक्रमण की स्थिति जिले में दिन ब दिन भयावह होती जा रही है। इसकी चपेट में आने वाले मरीजों की संख्या अब सैकड़े के करीब पहुंच गई है, जिससे लोगों में इसे लेकर भय बढ़ता जा रहा है। सीएमओ डॉ. एनपी गुप्ता ने बताया कि कोरोना महामारी शुरू होने के बाद से अब तक जिले में 26841 लोगों का कोरोना टेस्ट कराया गया है, जिसमें 1631 लोग इस खतरनाक बीमारी से संक्रमित मिले हैं।
मौजूदा समय में एक्टिव पॉजिटिव केस की संख्या 724 है। बृहस्पतिवार को शाम तक 787 सैंपल की रिपोर्ट प्राप्त हुई, जिसमें 693 निगेटिव और 94 पॉजिटिव केस हैं। 42 मरीज इलाज के बाद स्वस्थ पाए गए, जिन्हें अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई। इस तरह बीआरडी मेडिकल कॉलेज, लक्ष्मीपुर के अटैच एल-1 हॉस्पिटल, जिला अस्पताल के आइसोलेन वार्ड और एल-2 हॉस्पिटल से अब तक 885 लोग इलाज के बाद ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि होम आइसोलेशन में रखे गए मरीजों में भी ठीक होने वालों की संख्या अच्छी-खासी है। ऐसे 907 मरीजों में से 359 लोग दोबारा जांच में निगेटिव पाए गए हैं, जबकि अब तक इलाज के दौरान 12 पॉजिटिव मरीजों की मौत हुई है। सीएमओ ने बताया कि फाजिलनगर के विधायक की जांच रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है।
उधर, जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. बजरंगी पांडेय ने नेत्र जांच करने वाले एक एलटी के संक्रमित मिलने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 24 घंटे के लिए उस कक्ष को सील कर दिया गया है, जहां नेत्र जांच होती है और वहां सफाई व सैनीटाइजेशन कराया गया है।