देवरिया जिले में कोरोना का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा है। मंगलवार को 48 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ऐसे में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1446 हो गई है। सीएमओ कार्यालय के दो बाबू और टीबी रोग विभाग के दो फिल्म वर्कर की रिपोर्ट शामिल है।
संक्रमितों के बारे में जानकारी होते ही सीएमओ कार्यालय के सभी लिपिक बाहर निकल गए। कार्यालय को आनन- फानन में सैनिटाइज कराएं जाने के लिए अधिकारियों के फोन घनघनाने लगे। लिपिको के संपर्क में सीएमओ सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी रहे है।
बैतालपुर पीएचसी के दो डॉक्टरों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सदर कोतवाली के एक महिला सिपाही और पुलिस लाइन के पुलिस कर्मियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सीएमओ कार्यालय में एनएचएम का पटल देने वाले बाबू की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनके पास डॉक्टर से लेकर स्टाफ नर्स तक प्रति दिन विभागीय कार्य से आते-जाते थे। अक्सर दिन व शाम को अभिलेखों पर हस्ताक्षर कराने सीएमओ और एसीएमओ के पास बाबू जाते थे।
इसकी वजह से सीएमओ कार्यालय के कर्मचारी दहशत में हैं। इसके अलावा एक बाबू की और रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके पूर्व सीएमओ के अर्दली और दो चपरासी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
एसीएमओ डॉ. सुरेंद्र सिंह ने सीएमओ और सीआरओ को फोन कर कार्यालय को सैनिटाइज कराने को कहा। पीडब्लूडी निर्माण खंड के एक जेई की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिले में संक्रमितों की संख्या 1446 हो गई है। जबकि 778 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं और नौ लोगों की कोरोना से मौत हो गई है।
सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय ने बताया कि कार्यालय के दो बाबू भी संक्रमित मिले हैं। इसकी वजह से कार्य प्रभावित हो गया है। कार्यालय को सैनिटाइज कराया जा रहा है।