बस्ती और गोरखपुर मंडल में रविवार को 43 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसमें से कुशीनगर, संतकबीरनगर, बस्ती और देवरिया के एक-एक कोरोना पॉजिटिव की बीआरडी मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई है। ज्यादातर संक्रमित प्रवासी हैं। सब मुंबई, दिल्ली, पुणे, सूरत और अहमदाबाद से लौटे हैं। दोनों मंडलों में कोरोना पॉजिटिव की संख्या बढ़कर 410 हो गई है। अब तक 13 संक्रमितों की मौत हुई है।
गोरखपुर बस्ती मंडल में रविवार को कोरोना बम फूटा है। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) और बीआरडी मेडिकल कॉलेज की माइक्रोबायोलॉजी लैब से अलग-अलग जिलों में जो आंकड़ा भेजा गया, उसके मुताबिक 44 कोरोना संक्रमित मिले हैं।
सबसे ज्यादा 14 मरीज देवरिया में मिले हैं। अब देवरिया में संक्रमितों की संख्या 51 हो गई है। गोरखपुर के निजी अस्पताल में भर्ती एक महिला सहित 13 कोरोना पॉजिटिव पाए गए। गोरखपुर में अब तक 45 संक्रमित मिल चुके हैं।