गोरखपुर जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक (एसआईसी) सहित 163 लोग मंगलवार को कोरोना संक्रमित पाए गए। इनमें शहर के 90 मरीज शामिल हैं। एक संक्रमित की मौत हो गई लेकिन पोर्टल पर अपलोड न होने से स्वास्थ्य विभाग ने मौतों की संख्या शून्य जारी की है। हालांकि तीन पुरानी मौतें अपलोड होने से कुल मृतकों की संख्या 270 हो गई है।
सीएमओ डॉ. श्रीकांत तिवारी के मुताबिक कोरोना संक्रमण के नमूनों की जांच में 1334 लोग निगेटिव मिले हैं। जिले में संक्रमितों की कुल संख्या 16532 हो गई है। 14357 स्वस्थ हो चुके हैं। 1905 सक्रिय मरीज हैं। चौरीचौरा के मुंडेरा बाजार निवासी 40 वर्षीय एक व्यक्ति बीआरडी मेडिकल कालेज के कोरोना वार्ड में भर्ती थे। मंगलवार को उनकी मौत हो गई। शहर में सबसे ज्यादा शाहपुर क्षेत्र में 28 तथा कैंट थाना क्षेत्र 27 लोग कोरोना पाजिटिव मिले हैं।
बीआरडी के छह कर्मी संक्रमित
संक्रमितों में एम्स के दो डाक्टर, पीएसी बिछिया का एक सिपाही, स्वास्थ्य केंद्र, पाली के दो कर्मचारी, डीएम आवास परिसर के एक बुजुर्ग व बीआरडी के छह कर्मचारी भी शामिल हैं। इनके अलावा सुमेर सागर, मोहद्दीपुर व हरपुर में एक-एक परिवार में चार-चार लोग संक्रमित मिले हैं। सुभाष चंद्र बोस कालोनी व रुस्तमपुर में तीन-तीन, पादरी बाजार, रामजानकी नगर, हरसेवकपुर व हिरवानी लेन हुमायूंपुर में दो-दो लोग पॉजिटिव आए हैं।