गोरखपुर के होटल कृष्णा पैलेस में चेकिंग के दौरान कारोबारी मनीष गुप्ता की मौत पर संचालक सुभाष शुक्ला का दर्द छलक गया। बताते हैं कि पहले कोरोना की वजह से होटल नहीं चल पा रहा था, अब इस वारदात के बाद चार दिन से एक भी शख्स होटल में ठहरने के लिए नहीं आया है।
सुभाष शुक्ला का कहना है कि होटल में हुई घटना से असल आर्थिक नुकसान उन्हें ही हुआ है। कोरोना के समय में लोग कहीं आ जा नहीं रहे थे, जिस वजह से होटल का खर्च निकल पाना मुश्किल था। अब किसी तरह होटल चलने लगा था तो वारदात हो गई।
गुरुवार सुबह एक युवक आया था और कमरे तक गया, लेकिन उसी दौरान फिर जांच पड़ताल के लिए कुछ पुलिस अफसर आ गए तो वह डर गया। महज 15 मिनट बाद ही वह कमरा छोड़कर चला गया। अब 15 मिनट के लिए चार्ज क्या लिया जाता, वह भी नुकसान ही हुआ। सुभाष बताते हैं कि जबसे उनका होटल रामगढ़ताल इलाके में आ गया, तब से चेकिंग के नाम पर उत्पीड़न ही होता है। पुलिस किसी भी समय आ जाती है और जांच करने लगती है।