गोरखपुर शहर के कैंट इलाके में स्थित भावना नर्सिंग होम में घुसकर प्रबंधक से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक नर्सिंग होम के संचालक के बेटे आर्यन सिंह ने अपने चाचा विकास व अन्य के साथ मिलकर वारदात की है। पुलिस ने आर्यन, विकास व दो अन्य लोगों पर मारपीट का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, भावना नर्सिंग होम के प्रबंधक संतोष कुमार राय ने तहरीर में लिखा है कि दाउदपुर स्थित एक नर्सिंग होम के पास ही भावना हॉस्पिटल है। 21 नवंबर को वायरिंग का काम चल रहा था। उसके लिए रास्ते से एक गाड़ी बिजली का कुछ सामान ले कर भावना हॉस्पिटल जा रही था।
रास्ता संकरा होने से वहां ट्रैफिक की समस्या हो गई। तभी, अस्पताल संचालक के बड़े बेटे आर्यन सिंह, अपने चाचा विकास और अन्य 2 लोगों के साथ आ गए। रास्ता खाली कराने के लिए उन्होंने विवाद शुरू कर दिया और गाली-गलौज के साथ मारपीट भी की।
इतना ही नहीं, आर्यन सिंह और विकास अपने साथियों संग भावना अस्पताल के अंदर घुस गए और वहां के प्रबंधक संतोष कुमार राव को गालियां देने लगे और हाथापाई भी की।
यह पूरी घटना देख अस्पताल के अंदर मौजूद मरीजों में दहशत फैल गई, जिससे मरीज काफी डर गए। प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।