उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पटहेरवा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत जौरा मनरखन के चनऊ टोला में खड़ंजा निर्माण के लिए हो रहे विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया। मौजूद लोगों व पुलिस कर्मियों ने समय रहते उसे पकड़ लिया।
जानकारी के मुताबिक, जौरा मनरखन गांव के चनऊ टोला में ग्राम पंचायत की तरफ से एक सड़क पर खड़ंजा लगना था। गांव के कुछ लोग इस जमीन को अपना बताकर रोक रहे थे। ग्राम प्रधान ने एसडीएम कसया को जमीन की पैमाइश कर सड़क बनवाने में मदद की मांग की थी।
एसडीएम के आदेश पर एडीओ पंचायत मजरुल हक राजस्व टीम और पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और पैमाइश के बाद खड़ंजा निर्माण कार्य शुरू करा दिया। कार्य शुरू होने पर पुलिस व राजस्व टीम के लोग कुछ दूरी पर खड़े होकर मामले से जुड़े लोगों से बातचीत करने लगे।
एडीओ पंचायत के अनुसार इसी दौरान तीन चार लोग पहुंचे और खड़ंजा का विरोध करते हुए उनके साथ दुर्व्यवहार करने लगे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने खुद पर पेट्रोल गिरा लिया और उन्हें भी पकड़कर माचिस जलाने की कोशिश की। यह देख अगल-बगल मौजूद लोगों, ग्राम प्रधान व पुलिसकर्मियों ने उस व्यक्ति को पकड़ लिया। इस घटना की सूचना वरिष्ठ अफसरों को दी गई। मौके पर मौजूद एसआई रत्नेश मौर्या उस व्यक्ति को पकड़कर थाने ले गए। अन्य लोग देर शाम तक खड़ंजा करा रहे थे।
एसओ अतुल्य कुमार पांडेय ने बताया कि गांव में सड़क निर्माण के दौरान विवाद की आशंका को देखते हुए पुलिस कर्मियों को मौके पर भेजा गया है। किसी व्यक्ति द्वारा खुद को जलाने के प्रयास के घटना की जानकारी नहीं है।