गोरखपुर शाहपुर इलाके के रेल विहार स्थित स्पंदन हॉस्पिटल में इलाज के दौरान एक पूर्व प्रधान की शनिवार की सुबह मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। मृतक के निवर्तमान ग्राम प्रधान पुत्र नरेंद्र बहादुर यादव ने शाहपुर पुलिस को तहरीर दी हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, पिपराइच थाना क्षेत्र के भटहट के सोहसा ग्राम निवासी पूर्व प्रधान राम ललित यादव (65) की शुक्रवार को अचानक तबीयत खराब हो गई। परिजनों ने उन्हें रेल विहार स्थित स्पंदन हॉस्पिटल में भर्ती कराया। डॉक्टर ने इलाज शुरू किया तो मरीज के मलद्वार से खून आने लगा।
आरोप है कि दो यूनिट ब्लड भी चढ़ाया गया। शनिवार की सुबह छह बजे डॉक्टर ने हालत गंभीर बताकर मरीज को सिटी हॉस्पिटल के लिए रेफर कर दिया। परिजन मरीज को सिटी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे तो डॉक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया।