- विरोध पर दी थी जान से मारने की धमकी, पहले भी दुष्कर्म मामले में जा चुका है जेल
- कैंट पुलिस ने कुशीनगर निवासी युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया
गोरखपुर। शहर के एक पार्लर में काम करने वाली युवती को नौकरी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में कैंट पुलिस ने कुशीनगर के एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी को मंगलवार दोपहर बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान कुशीनगर जिले के कसया थाना क्षेत्र के ग्राम तेतरिया निवासी राजेंद्र तिवारी के रूप में हुई है। वह गोरखपुर में रहकर खुद को जूनियर इंजीनियर (जेई) बताकर लोगों को झांसे में लेता था। पीड़िता अयोध्या जिले की रहने वाली है और शहर के एक पार्लर में कार्यरत थी। जांच में सामने आया कि आरोपित शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में पहले भी जेल जा चुका है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी राजेंद्र तिवारी उसके संपर्क में आया और उसे बेहतर नौकरी दिलाने का झांसा दिया। उसने कहा कि वह उसे अच्छी सैलरी वाली नौकरी दिला सकता है। युवती उसके झांसे में आ गई। इसके बाद आरोपी उसे अयोध्या से गोरखपुर ले आया और मोहद्दीपुर क्षेत्र के एक होटल में ले गया। वहां उसने दुष्कर्म किया। इस दौरान जब युवती ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता ने पुलिस अधिकारियों को मामले की जानकारी दी तो कैंट थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर सोमवार की रात में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।