फोटो
- मंत्री ने कहा, पेट्रोल-डीजल को लेकर सरकार की अपील का समर्थन करें नागरिक
गोरखपुर। प्रदेश सरकार के होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि प्रदेश सरकार होमगार्ड जवानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। जवानों के प्रशिक्षण को आधुनिक बनाने के लिए गोरखपुर में नए अत्याधुनिक प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना की तैयारी चल रही है। इसके लिए जमीन की तलाश की जा रही है, ताकि जल्द ही यहां नया ट्रेनिंग सेंटर शुरू किया जा सके।पेट्रोल-डीजल को लेकर केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से की जा रही अपील का सभी नागरिकों को समर्थन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे युद्धों के कारण पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता प्रभावित हो रही है, ऐसे समय में देशहित में एकजुटता जरूरी है। मंगलवार को सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने देश-विदेश के हालात, प्रदेश सरकार की योजनाओं और अपने विभाग की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार जनता से संयम और सहयोग की अपील कर रहे हैं, जिसका हर नागरिक को पालन करना चाहिए। प्रदेश में स्मार्ट मीटर को लेकर चल रही चर्चाओं पर मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लेते हुए इस पर रोक लगा दी है। उन्होंने कहा कि जनता को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, सरकार पूरी तरह जनहित में कार्य कर रही है।