गोरखपुर जिले के कोतवाली इलाके के चरनलाल चौक के पास रिटायर्ड दरोगा पुत्र रोहित सिंह की हत्या के मुख्य आरोपी काजन मिश्रा ने शुक्रवार को कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी को दबिश दे रही थी, लेकिन इसी बीच दोपहर में चकमा देकर कोर्ट में हाजिर हो गया। पुलिस अब उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी में है।
जानकारी के मुताबिक, रोहित सिंह की गोली मारकर हत्या के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी काजन समेत चार लोगों पर केस दर्ज किया था। एक आरोपी मुन्ना को जेल भी भेजा गया था, लेकिन मुख्य आरोपी सहित अन्य फरार चल रहे थे। काजन की तलाश में पुलिस कुशीनगर भी गई थी। उसके ननिहाल से पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल पिस्टल को भी बरामद कर लिया था।
इसी बीच काजन के घरवालों ने कोर्ट में आत्मसमर्पण की अर्जी दी थी। इसकी जानकारी होने के बाद से पुलिस भी सक्रिय हो गई, लेकिन दोपहर बाद आरोपी ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर लिया। इंस्पेक्टर कोतवाली कल्याण सिंह सागर ने बताया कि आरोपी काजन ने कोर्ट में समर्पण कर दिया है। उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।
यह हुआ था
चार जुलाई की रात रुपये के लेनदेन के विवाद में कोतवाली के चरनलाल चौक के पास शैलेंद्र यादव के घर में रोहित सिंह की गोली मारकर हत्या की गई थी। काजन मिश्रा समेत चार लोगों पर केस दर्ज कर पुलिस ने एक को गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया था। पुलिस फरार दो आरोपियों प्रदीप और शैलेंद्र की तलाश में जुटी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।